यूपी के देवरिया जिले से खबर है कि चाचा नेहरू के नाम से विख्यात एवं देश के प्रथम प्रधानमंत्री पण्डित जवाहर लाल नेहरू की टाऊन हाल में लगी ऐतिहासिक प्रतिमा को बीती रात कुछ अज्ञात शरारती तत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आक्रोश व्यक्त कर सड़क जाम कर हंगामा किया। मूर्ति तोड़े जाने को लेकर देवरिया नगर पालिका की तरफ से कोतवाली थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
कांग्रेस पार्टी के जिलाअध्यक्ष मुन्ना लारी ने कहा कि पण्डित नेहरू की प्रतिमा के साथ की गई यह घटना अत्यन्त शर्मनाक है तथा दोषियों को यदि शीघ्र ही गिरफतार नहीं किया गया तो कांग्रेसी आन्दोलन करने हेतु बाध्य होंगे। घटना के सम्बन्ध में देवरिया नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी अखिलेश्वर श्रीवास्तव ने बताया कि पण्डित नेहरू की आदमकद की प्रतिमा शहर के बीचों बीच टाऊन हाल में उनकी मृत्यु के करीब तीन माह बाद ही स्थापित की गई थी। जो सम्भवतः देश की पहली प्रतिमा थी।
उस प्रतिमा को बीती रात कुछ अज्ञात शरारती तत्वों ने सिर को धड़ से अलग कर क्षतिग्रस्त कर दिया। उन्होने बताया कि पुलिस थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है तथा बनारस से लाकर शीघ्र ही नई प्रतिमा की स्थापना कर दी जाएगी। फिलहाल खण्डित प्रतिमा को जिला प्रशासन ने प्लास्टिक की पन्नी से ढकवा दिया है तथा वहां पुलिस की डयूटी लगा दी गई है।





