उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव की सरकार ने रविवार रात किए एक बडे़ प्रशासनिक फेरबदल में नोएडा के अध्यक्ष मोहिन्दर सिंह और 15 जिलों के जिलाधिकारियों के साथ 30 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए है जिनमें अभी एक दिन पहले मुख्यमंत्री सचिवालय से हटाए गए अधिकारियों की नियुक्तिया भी शामिल हैं. नियुक्ति विभाग से देर रात जारी विज्ञप्ति के अनुसार नोएडा के साथ ही उत्तर प्रदेश निर्यात निगम यमुना एक्सप्रेस वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण एवं निवेश आयुक्त के पद पर तैनात रहे मोहिन्दर सिंह को उनके पद से हटा कर प्रतीक्षा सूची में डाल दिया गया है जबकि ग्राम्य विकास विभाग में अपर आयुक्त के पद पर तैनात रहे अनुराग यादव को लखनऊ का नया जिलाधिकारी तैनात किया गया है.
अनुराग यादव, अनिल कुमार सागर की जगह लेंगे जिन्हें विकलाग कल्याण विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनाती दी गई है. स्थानान्तरित जिलाधिकारियों में कानपुर के जिलाधिकारी डा. हरीओम को ग्राम्य विकास विभाग के अपर आयुक्त के पद पर भेजा गया है जबकि फैजाबाद के जिलाधिकारी ए.पी. अग्रवाल को कानपुर नगर का जिलाधिकारी बना दिया गया है. छत्रपति शाहूजी महाराज (अमेठी) के जिलाधिकारी जगदीश प्रसाद को फैजाबाद का जिलाधिकारी बना दिया गया है जबकि बुलंदशहर की जिलाधिकारी रही श्रीमती कामिनी रतन को प्रतापगढ का जिलाधिकारी बनाया गया है. शाहजहांपुर के जिलाधिकारी नवदीप रिन्वा को बुलन्दशहर का जिलाधिकारी बनाया गया है जबकि गौतमबुद्व नगर (नोएडा) के जिलाधिकारी हृदयेश कुमार को कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा में विशेष सचिव के पद पर भेज दिया गया है.
सीतापुर की जिलाधिकारी श्रीमती अमृता सोनी को बागपत का जिलाधिकारी बना दिया गया है जहा वे प्रभु नारायण सिंह की जगह लेगी, जिन्हें प्रतीक्षा सूची में डाल दिया गया है. उन्नाव की जिलाधिकारी अरविन्द कुमार द्विवेदी को सामान्य प्रशासन विभाग में विशेष सचिव बना दिया गया है जबकि अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग में विशेष सचिव रही श्रीमती अनामिका सिंह को उन्नाव का जिलाधिकारी बना दिया गया है.
कुशीनगर के जिलाधिकारी ए.के.बर्नवाल को शाहजहापुर का जिलाधिकारी बना दिया गया है, जबकि मेरठ के जिलाधिकारी अनिल कुमार को कुशीनगर के जिलाधिकारी के पद पर भेजा गया है. बाराबंकी के जिलाधिकारी विकास गोठलवाल को मेरठ का जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि नियुक्ति विभाग में विशेष सचिव रही श्रीमती एस.मिनिस्ती को बाराबंकी का जिलाधिकारी बनाया गया है.
मुजफ्फरनगर के जिलाधिकारी पंकज कुमार नियुक्ति की प्रतीक्षा सूची में डाल दिए गए है जबकि उनकी जगह पर जौनपुर के जिलाधिकारी गौरव दयाल को तैनात कर दिया गया है. रामपुर के जिलाधिकारी डा. बलकार सिंह को उनके पद से हटाकर प्रतीक्षा में डाला गया है. अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त एवं प्रमुख सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास के पद पर तैनात रहे बी.एन. गर्ग को मान्यवर कांशीराम समग्र विकास योजना एवं विकलाग कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव के पद पर भेज दिया गया है.





