उत्तर प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार यूनियन की बलिया इकाई के एक बार फिर अनूप कुमार हेमकर अध्यक्ष चुने गये हैं। शिविर कार्यालय पर हिन्दुस्तान के वरिष्ठ संवाददाता सुधीर ओझा की अध्यक्षता में हुई बैठक में नये सत्र के पदाधिकारियों का चुनाव सर्वसम्मति से हुआ। श्री हेमकर समाचार एजेंसी पीटीआई के पिछले एक दशक से अधिक समय से संवाददाता हैं।
अमर उजाला के ब्यूरो प्रमुख रह चुके तथा वर्तमान समय में भास्कर में सेवा दे रहे कृष्ण कान्त पाठक, हिन्दुस्तान के वरिष्ठ पत्रकार सतीश मेहता, जन संदेश टाइम्स के सम्पादकीय प्रभारी भोला प्रसाद एवं आईबीएन व महुआ न्यूज चैनल के संवाददाता पशुपति नाथ उपाध्यक्ष बनाये गये हैं।
हिन्दुस्तान के तेजतर्रार पत्रकार राजेश कुमार ओझा दूसरी बार महामंत्री बनाये गये हैं। अमर उजाला में सम्पादकीय प्रभारी रह चुके व वर्तमान समय में हिन्दुस्तान के ब्यूरो कार्यालय में कार्यरत धनन्जय पाण्डेय कोशाध्यक्ष बने हैं। पी 7 के संवाददाता मनोज चतुर्वेदी प्रवक्ता तथा इण्डिया टीवी के संवाददाता अमित कुमार मंत्री बनाये गये हैं। फोटो पत्रकारिता में अहम मुकाम बनाने वाले जन संदेश टाइम्स के रोशन जायसवाल कार्यक्रम मामलों के प्रभारी तथा स्वतंत्र पत्रकार डाक्टर आशुतोष शुक्ला कोष निरीक्षक बनाये गये हैं। समाचार एजेंसी यूएनआई के संवाददाता व जिले के वरिष्ठ पत्रकार डाक्टर अखिलेश सिन्हा को पत्रकार उत्पीड़न जांच समिति का संयोजक बनाया गया है। इस समिति में इलेक्ट्रानिक पत्रकार मीडिया एसोसियेशन के अध्यक्ष व आज तक के संवाददाता अनिल अकेला, सतीश मेहता व मनोज चतुर्वेदी बतौर सदस्य रहेंगे।
बैठक में जनपद में बढ़ते पत्रकार उत्पीड़न के मामलों पर गम्भीर चिंता प्रकट की गयी तथा रसड़ा, मनियर व नगरा के तीन पत्रकारों के मामले में जांच कर पीड़ित पत्रकारों को न्याय दिलाने का संकल्प व्यक्त किया गया। पत्रकारों को सुविधाओं से सुसज्जित करने तथा पत्रकारों के लिये भूखण्ड का प्रबन्ध कराने के लिये भी संघर्षरत रहने का निर्णय हुआ। बैठक में प्रस्ताव पारित कर प्रदेश सरकार से हिन्दी पत्रकार दिवस की तिथि को सरकारी अवकाश घोषित करने तथा सभी पत्रकारों को मेडिकल सुविधा प्रदान करने की मांग की गयी।






