आखिर न्यूज नेशन को क्या हो गया है. यहां से जाने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है. अभी इंद्रजीत राय के इस्तीफा देने की खबर ठंडी भी नहीं पड़ी थी कि खबर आ रही है एक और इस्तीफा हो गया है. इस बार प्रभात पांडेय ने इस्तीफा दिया है. वे यहां पर प्रोड्यूसर के पद पर तैनात थे. प्रभात अपनी नई पारी पी7 न्यूज के साथ करने जा रहे हैं. प्रभात न्यूज एक्सप्रेस से इस्तीफा देकर न्यूज नेशन पहुंचे थे.
पूरा मीडिया जगत आश्चर्य में है कि लगभग दो साल की मशक्कत के बाद लांच हुए न्यूज नेशन में ऐसा क्या हो रहा है कि हर कोई चैनल छोड़कर दूसरे ठिकानों की तरफ भाग रहा है. पुराने और वरिष्ठ लोगों का भागना तो समझ में आता है, पर यहां से छोटे-छोटे पदों पर काम करने वाले लोग भी इस्तीफा दे रहे हैं. तमाम कर्मचारी दूसरे चैनलों में काम तलाशते आसानी से नजर आ रहे हैं. माना जा रहा है कि इस चैनल की हालत वीओआई जैसा होता जा रहा है. जहां ऊंचे पदों पर बैठे लोगों ने लाला का पूरा पैसा झोंक दिया, समेट लिया और अब तमाम मुश्किलें आने लगी हैं.






