खबर है कि 'रफ्तार टाइम्स न्यूज' चैनल को संचालित करने का जिम्मा मुंबई की एक कंपनी 'पायनियर विजन कंसल्टेंट' को मिल गया है. इस बारे में दोनों पक्षों में समझौता हो चुका है. 'रफ्तार टाइम्स न्यूज' चैनल को अभी तक संचालित करने वाली कंपनी 'रफ्तार मीडिया प्राइवेट लिमिटेड' और मुंबई बेस्ड कंपनी 'पायनियर विजन कंसल्टेंट' के बीच हुए समझौते के मुताबिक अब चैनल के कंटेंट, डिस्ट्रीव्यूशन, स्टाफ आदि का सारा कामकाज 'पायनियर विजन कंसल्टेंट' के लोग देखेंगे. बदले में 'रफ्तार मीडिया प्राइवेट लिमिटेड' को चैनल से होने वाले लाभ का पचास फीसदी हिस्सा दिया जाएगा.
एक तरह से कहा जाए तो रफ्तार मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के कर्ताधर्ताओं ने अब खुद चैनल चलाने से तौबा कर लिया है और चैनल का लाइसेंस खुद के पास होने के नाते इसकी कीमत आउटसाइडर के रूप में वसूलेंगे. बाकी, पूरा चैनल चलाने,
बढ़ाने, दिखाने, नियुक्ति करने समेत समस्त अधिकार 'पायनियर विजन कंसल्टेंट' को मिल गया है. सूत्रों का कहना है कि रफ्तार मीडया प्राइवेट लिमिटेड की तरफ से निदेशक हरेंद्र सिंह और पायनियर विजन कंसल्टेंट की तरफ से मिस्टर कृष्णा के बीच डील हो चुकी है और इस पर दस्तखत हो चुके हैं. माना जा रहा है कि 'रफ्तार न्यूज टाइम्स' जल्द ही नए तेवर व नए प्रोफेशनल्स के साथ नजर आएगा.
ज्ञात हो कि 'रफ्तार टाइम्स न्यूज' का आफिस नोएडा के सेक्टर 63 में है. यह चैनल कभी न्यूज व कंटेंट की वजह से चर्चा में नहीं आया. चैनल प्रबंधन की अब तक की पूरी कोशिश ज्यादा से ज्यादा रेवेन्यू-बिजनेस निकालने की रही है. इस कारण कंटेंट हमेशा दोयम दर्जे पर रहा. साथ ही मीडियाकर्मियों के लिए यहां वर्किंग कंडीशन भी कभी अच्छे नहीं रहे. मैनेजमेंट माइक आईडी, ब्यूरो, स्टेट फ्रेंचाइजी आदि बेचने के धंधे में लगा रहा. इसके माध्यम से पैसा कमाने में लगा रहा. कुछ लोगों का कहना है कि 'रफ्तार टाइम्स न्यूज' का मैनेजमेंट चैनल चलाने की जिम्मेदारी नई कंपनी को देकर और बदले में एकमुश्त पैसे लेकर व लाभ में पचास फीसदी की हिस्सेदारी लेकर एक चालाक सौदा किया है जिसमें अंततः जीत 'रफ्तार मीडिया प्राइवेट लिमिटेड' के मैनेजमेंट की होगी. देखना है इस डील का अंजाम क्या होता है. फिलहाल तो नई व बड़ी शुरुआत के लिए पायनियर विजन कंसल्टेंट के मुखिया बधाई के पात्र हैं.






