रांची में हाईकोर्ट की सुरक्षा को लेकर लिखी गई खबर अब पत्रकारों के लिए ही महंगी पड़ गई है. हाई कोर्ट में अब मीडियाकर्मियों को कैमरा लेकर घुसने पर पाबंदी लगा दी गई है. वे अब आम लोगों की तरह ही हाई कोर्ट परिसर में प्रवेश कर सकते हैं. रांची में चर्चा है कि पत्रकारों ने अपने ही पैर पर कुल्हाड़ी मार ली है. सबसे ज्यादा परेशानी इलेक्ट्रानिक मीडिया के पत्रकारों को हो रही है, जिन्हें कोई खबर कवरेज करने के लिए घंटों हाई कोर्ट के बाहर खड़ा रहना पड़ रहा है.
कुछ दिन पहले द टेलीग्राफ ने हाई कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक खबर छापी थी, जिसमें सुरक्षा को बिल्कुल लचर बताया गया था. इसके बाद से ही हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार ने मीडिया वालों पर कैमरा के साथ अंदर प्रवेश करने पर रोक लगा दी. अन्यथा पहले रांची में मीडिया के लोग अपने कैमरों के साथ बेधड़क हाई कोर्ट के अंदर घुस जाते थे तथा किसी वकील या किसी मुद्दे पर खुद रजिस्ट्रार की बाइट भी निकाल लाते थे. पर खबर प्रकाशित होने के बाद अब वकीलों के बाइट के लिए भी घंटों गेट के बाहर इंतजार करते रहते हैं.






