रियो डी जनेरियो। ब्राजीलियाई राजनीतिक संवाददाता व ब्लॉगर डेसियो सा की मारानहाओ प्रांत की राजधानी साओ लुइस के एक बार में गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। सूत्रों के मुताबिक इंटर अमेरिकन प्रेस एसोसिएशन (आईएपीए) की ओर से ब्राजील में प्रेस को खतरे की चेतावनी जारी किए जाने के एक दिन बाद ही 'ओ इस्टाडो डू मारान्हो' समाचार पत्र के संवाददाता सा की हत्या का मामला सामने आया है। इस साल ब्राजील में तीन पत्रकारों की उनकी रिपोर्ट्स के लिए हत्या कर दी गई।
सा की हत्या सोमवार सुबह 11.15 बजे एक बार में की गई। 42 वर्षीय सा बार में अपने एक मित्र का इंतजार कर रहे थे।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक आदमी ने बार में प्रवेश किया और सा को छह बार गोली मारी और बाद में अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से वहां से भाग गया। मरानहाओ पत्रकार संघ के अध्यक्ष लियोनार्दो मोंटेरियो ने इस हत्या को प्रेस की स्वतंत्रता पर हमला बताया है।
सा राजनेताओं के खिलाफ अपने आरोपों व उनके ब्लॉग पर प्रकाशित होने वाले उनके हत्या के मामलों की सुनवाई पर लिखे गए लेखों के चलते कई विवादों में फंसे हुए थे। आईएपीए की ओर से सोमवार को मेड्रिड में जारी की गई एक रिपोर्ट के मुताबिक इस साल ब्राजील में तीन पत्रकारों की हत्या के अलावा, पत्रकारों के खिलाफ आक्रामकता के आठ मामले, अनुचित गिरफ्तारी का एक व अदालती रोक के छह, छह हमलों के व छह डराने-धमकाने के मामले सामने आए। (एजेंसी)






