राजसमंद जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को जिले के सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) रणछोड़ त्रिपाठी को 3800 रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। पीआरओ ने दो महीने का वेतन दिलवाने की एवज में अपने ही कार्यालय में चतुर्थ श्रेणी पद पर कार्यरत महिला संविदाकर्मी से घूस वसूल रहा था।
राजसमंद एसीबी के डीएसपी गोपाल स्वरूप मेवाड़ा ने बताया कि पीआरओ कार्यालय में सुबह साढ़े 11 बजे हुई कार्रवाई में त्रिपाठी की शर्ट की जेब से रिश्वत की राशि बरामद हो गई। आरोपी को शुक्रवार को उदयपुर स्थित एसीबी कोर्ट में पेश किया गया। कांकरोली के समीप जावद निवासी तारा पत्नी रमेश पडियार (सेन) से रिश्वत ली गई। तारा दिसंबर 2012 से पीआरओ ऑफिस में संविदा कर्मचारी के रूप में चतुर्थ श्रेणी के पद पर नियुक्त थी, जिसने इस महीने से काम पर जाना छोड़ दिया था।
तारा ने एसीबी को शिकायत में बताया कि मार्च व अप्रैल का 9 हजार 800 रुपए का चेक बकाया है। पीआरओ दो-दो हजार रुपए के हिसाब से चार हजार रुपए रिश्वत मांग रहे हैं। एसीबी ने मामले का सत्यापन कर सीआई छगन पुरोहित, कांस्टेबल ओमप्रकाश, किशन, शिवसिंह, रोशन, सीता व यशवंत की टीम बनाई। गुरुवार को तारा ने त्रिपाठी को 3 हजार 800 रुपए दिए तो उन्होंने शर्ट की जेब में रख लिए। इस बीच एसीबी की टीम ने त्रिपाठी को रिश्वत राशि के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया।






