नई दिल्ली। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने विश्वास प्रकट किया है कि अपने संस्थापक कर्पूरचन्द्र कुलिश द्वारा स्थापित सिद्धांतों पर चलते हुए राजस्थान पत्रिका समूह स्वस्थ और सकारात्मक पत्रकारिता की अपनी परम्परा को यूं ही आगे बढ़ाता रहेगा। बुधवार को साउथ ब्लाक स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में समूह के अध्यक्ष एवं प्रधान सम्पादक गुलाब कोठारी से चर्चा करते हुए डॉ. सिंह ने ये विचार प्रकट किए।
इस अवसर पर केन्द्रीय संचार राज्यमंत्री सचिन पायलट भी उपस्थित थे। कुलिश के सम्मान में भारतीय डाक विभाग की ओर से हाल ही में जारी डाक-टिकट प्रधानमंत्री को भेंट करने के मौके पर आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम में कोठारी ने राजस्थान, मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ में पत्रिका की ओर से चलाए जा रहे विभिन्न पत्रकारिता अभियानों की जानकारी दी। प्रधानमंत्री ने पत्रिका के कार्यों की यह कहते हुए सराहना की कि आज जब नया मीडिया अच्छी खबरों को खबरें ही नहीं मानता, ऎसे में पत्रिका द्वारा अच्छे बुरे हर आयाम को उजागर करना संतोष देता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पत्रिका की कलम इसी पैनेपन से चलती रहेगी। इस मौके पर कोठारी ने प्रधानमंत्री को 'शब्द-वेद' की प्रति भेंट की। कार्यक्रम में पत्रिका परिवार के कई सदस्य भी मौजूद थे।






