मुंबई : साहित्यिक संस्था श्रुति संवाद साहित्य कला अकादमी द्वारा शनिवार, 5 नवंबर, 2011 को सुप्रसिद्ध साहित्यकार डॉ. अशोक चक्रधर (नई दिल्ली) को हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कार्पोरेशन लि. के कार्यकारी निदेशक पुष्प जोशी "राजीव सारस्वत सम्मान" प्रदान करेंगे। "शब्द युद्धः आतंक के विरूद्ध" नामक यह कार्यक्रम वाशी, नवी मुंबई के मराठी साहित्य संस्कृति व कला मंडल में दो सत्रों में आयोजित होगा। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में सुप्रसिद्ध साहित्यकार व महाराष्ट्र राज्य हिंदी साहित्य अकादमी के कार्याध्यक्ष डॉ. दामोदर खडसे, नवी मुंबई के पुलिस आयुक्त अहमद जावेद, साहित्यकार एवं बैंक ऑफ बड़ोदा अहमदाबाद के प्रबंधक (राजभाषा) उपस्थित रहेंगे।
समारोह के पहले सत्र में सम्मान समारोह और अतिथियों के वक्तव्य होंगे जबकि दूसरे सत्र में कवि सम्मेलन होगा, जिसमें डॉ. अशोक चक्रधर, हस्तीमल हस्ती, वीरेंद्र सिंह, डॉ. मुकेश गौतम अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुविख्यात लेखक व चिंतक डॉ. रामजी तिवारी करेंगे। पहले सत्र का संचालन केंद्रीय हिंदी प्रशिक्षण उप संस्थान, भारत सरकार के सहायक निदेशक डॉ. अनंत श्रीमाली करेंगे जबकि दूसरे सत्र का संचालन देवमणि पाण्डेय करेंगे।
डॉ. अशोक चक्रधर हिंदी के ऐसे मंचीय कवि हैं जो मूलतः हास्य के लिए जाने जाते हैं। 8 फरवरी, 1951 को खुर्जा, उत्तर प्रदेश में जन्मे डॉ. अशोक चक्रधर राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय स्तर के दस पुरस्कार/सम्मान प्राप्त कर चुके हैं। लगभग 30 देशों की यात्रा करने वाले डॉ. अशोक चक्रधर के लगभग 15 काव्य संकलन प्रकाशित हो चुके हैं। वे ऊर्जा मंत्रालय की हिंदी सलाहकार समिति, भारत सरकार तथा हिमाचल कला संस्कृति और भाषा अकादमी हिमाचल प्रदेश सरकार, शिमला के सदस्य रह चुके हैं। सुप्रसिद्ध हास्य कवि काका हाथरसी के दामाद डॉ. अशोक चक्रधर ने आठ टेलीविजन, पांच वृत्तचित्र निर्देशित किए जो खूब चले। कई धारावाहिकों में उन्होंने अभिनय के झंडे भी गाड़े, जिनमें डीडी-1 के "बोल बसंतो" तथा सोनी टीवी पर प्रसारित "छोटी सी आशा" प्रमुख हैं। 13 धारावाहिकों की लेखन/प्रस्तुति उनके खाते में है जिनमें "वाह वाह" और "चुनावी चकल्लस" प्रमुख है। 15 वृत्त चित्रों का लेखन किया है जबकि चार धारावाहिकों का लेखन/निर्देशन करने के साथ ही रंगमंच पर भी खूब काम किया है।
गौरतलब है कि 26 नवंबर, 2008 को मुंबई में हुए आतंकवादी हमले में महानगर के सुप्रसिद्ध लेखक, कवि एवं हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कार्पोरेशन लि. मुंबई में कार्यरत प्रबंधक (राजभाषा कार्यान्वयन) राजीव सारस्वत सरकारी दायित्व निभाते हुए ताज होटल में शहीद हो गए थे। चूंकि राजीव सारस्वत श्रुति संवाद साहित्य कला अकादमी के संस्थापक में से एक महत्वपूर्ण आधार स्तंभ और कोषाध्यक्ष थे इसिलए उनकी स्मृति में अकादमी की ओर से हर वर्ष देश के एक प्रमुख साहित्यकार को सम्मानित किया जाता है। इससे पहले वर्ष 2009 में जगदीश सोलंकी (राजस्थान) तथा 2010 में वेदव्रत वाजपेयी (लखनऊ) को राजीव सारस्वत सम्मान प्रदान किया जा चुका है।
मुंबई से आफताब आलम की रिपोर्ट.






