दैनिक भास्कर, रायपुर के स्टेट हेड के पद से इस्तीफा देने वाले वरिष्ठ पत्रकार राजीव सिंह ने अमर उजाला ज्वाइन कर लिया है. उन्हें समूह में सीनियर आरई बनाया गया है. वे मेरठ यूनिट में अपनी सेवाएं देंगे. उजाला के महत्वपूर्ण यूनिटों में शामिल मेरठ से पिछले दिनों ही वरिष्ठ पत्रकार शंभूनाथ शुक्ल को नोएडा बुलाया गया था. तब से ही कयास लगाया जा रहा था कि यहां पर किसी वरिष्ठ पत्रकार की नियुक्ति प्रबंधन करेगा.
राजीव सिंह की अमर उजाला के साथ यह दूसरी पारी है. वे इसके पहले भी इस समूह को अपनी सेवाएं दे चुके हैं. सूत्रों का कहना है कि वे आज नोएडा में ज्वाइन कर लेंगे. इसके बाद जल्द ही उन्हें मेरठ का प्रभार दे दिया जाएगा. फिलहाल मेरठ में मृत्युंजय कुमार प्रभार संभाल रहे हैं. उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों ही दैनिक भास्कर, छत्तीसगढ़ के स्टेट हेड रहे राजीव सिंह ने भोपाल तबादला होने के बाद भास्कर से इस्तीफा दे दिया था.
राजीव सिंह पिछले ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. दैनिक जागरण, आगरा से अपने करियर की शुरुआत करने वाले राजीव सिंह लम्बे समय तक जागरण के साथ जुड़े रहे. दिल्ली-एनसीआर में जागरण के हेड रहे. जागरण से इस्तीफा देने के बाद वे अमर उजाला गये. यहां भी लम्बे समय तक वरिष्ठ पद पर रहे तथा कई एडिशनों की लांचिंग कराई. अमर उजाला से इस्तीफा देने के बाद वे दुबारा दैनिक जागरण से जुड़े. यहां से इस्तीफा देने के बाद वे दैनिक भास्कर से जुड़ गए. भास्कर, लुधियाना की लांचिंग राजीव सिंह के नेतृत्व में हुई. बाद में प्रबंधन ने इन्हें प्रमोट करके छत्तीसगढ़ का स्टेट हेड बना दिया था.






