विवादों में रहने वाला बाबा रामदेव का सहयोगी आचार्य बालकृष्ण फिर बौखला गया है. कर चोरी के आरोप में पूछे गए सवाल पर बालकृष्ण ने एक पत्रकार को भला-बुरा कह डाला. मामला वाणिज्य कर अफसरों द्वारा रामदेव की कंपनी के दवाओं को ले जाते ट्रक को पकड़े जाने का था. एक पत्रकार ने जब बालकृष्ण से पूछा कि बाबा की कंपनी की दवाओं से लदे ट्रक के साथ काई रसीद क्यों नहीं थी तो बालकृष्ण ने कहा कि तुम मेरे वकील नहीं हो. उसने पत्रकार को और भी खरी-खोटी सुनाई.
उल्लेखनीय है कि हरिद्वार में वाणिज्य कर विभाग के अफसरों ने यूके08 सीए 1740 नम्बर का एक ट्रक पकड़ा, जिसमें बाबा रामदेव की कंपनी के लगभग 12 लाख 66 रुपये मूल्य की दवाएं थीं. अधिकारियों ने आरोप लगाया कि ये दवाएं बिना रसीद के बाहर ले जाई जा रही थीं और कर चोरी का प्रयास किया जा रहा था. हालांकि बालकृष्ण ने कहा है कि सरकार उन लोगों के खिलाफ साजिश कर रही है और वे मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे.





