दैनिक जागरण में वरिष्ठ पद पर कार्यरत रामेश्वर पांडेय उर्फ काका रिटायर हो चुके हैं. यूपी में दैनिक जागरण के एक मजबूत पावर सेंटर के रूप काफी समय से सक्रिय रामेश्वर पांडेय को दैनिक जागरण ने सेवा विस्तार नहीं दिया. हालांकि काका को जानने वाले जानते हैं कि वे चुप नहीं बैठने वाले. देर सबेर कहीं न कहीं कुछ जरूर शुरू करेंगे. काका इसके पहले अमर उजाला में काफी समय तक रहे. वे जालंधर, मेरठ आदि संस्करणों के संपादक रहे.
ईटीवी, सहारा (बिहार झारखंड) मौर्य टीवी में वरिष्ठ पदों पर काम कर चुके सुनील पांडेय ने साधना (बिहार-झारखंड) के आउटपुट हेड के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की है. उन्हें चैनल को नई धार देने के लिए पूरी आजादी दी गई है. पत्रकारिता में सत्रह साल का अनुभव रखने वाले सुनील पांडेय हर फन के माहिर खिलाड़ी हैं.
सुनील पांडे कुछ दिनों के लिए हमार टीवी से भी जुड़े थे. ये वहां चैनल हेड कुमार राजेश के सबसे खास शख्स और मजबूत सिपाही थे. लेकिन चैनल के अंदर एक तबका कुमार राजेश को हटाने की मुहिम में जुटा हुआ था. इसलिए पहले सुनील पांडेय को हटाया गया और फिर कल कुमार राजेश ने भी न्यूजरुम में अपने इस्तीफे का एलान कर दिया.






