टीवी टुडे ग्रुप में बहुत तेज चर्चा है कि राहुल कंवल भी अब इंडिया टीवी जाने की तैयारी में हैं. पिछले कुछ समय से राहुल कंवल लगभग पैदल की स्थिति में हैं. उनसे हेडलाइंस टुडे का कामकाज ले लिया गया है. वो हेडलाइंस टुडे जिसके बारे में कहा जाता है कि वो आज जहां भी है, राहुल कंवल की बदौलत है. कहा जा रहा है कि इंडिया टीवी वाले अंग्रेजी चैनल भी लाने की तैयारी में हैं. संभवतः उसके लिए राहुल कंवल का नाम फाइनल किया गया है.
राहुल चौधरी पहले ही इंडिया टीवी जा चुके हैं. संदीप सोनवलकर, बालकृष्ण, शमशेर सिंह समेत कई लोग इंडिया टीवी की राह पर हैं. हालांकि बालकृष्ण के बारे में चर्चा है कि वे न्यूज नेशन जा रहे हैं. टीवी टुडे ग्रुप से लगातार लोगों के आने जाने का सिलसिला चल रहा है. जबसे आफिस नोएडा फिल्म सिटी शिफ्ट हुआ है तबसे करीब दो सौ लोग निकाले जा चुके हैं और करीब सौ लोगों ने खुद इस्तीफा दिया है. देखना है कि बदलाव की यह प्रक्रिया आजतक समेत ग्रुप के अन्य चैनलों को फायदा पहुंचाती है या नुकसान. हालांकि कहने वाले कह रहे हैं कि जिस तरह से रजत शर्मा इंडिया टीवी को फिर से न्यूज के ट्रैक पर लेकर जा रहे हैं उससे आने वाले समय में सबसे बड़ी चुनौती आजतक को मिलने जा रही है.
उपरोक्त खबर पर राहुल कंवल के कुछ करीबियों ने भड़ास4मीडिया को फोन कर वस्तुस्थिति की जानकारी दी, जो यूं है…
टीवी टुडे ग्रुप से राहुल कंवल के जाने की खबर निराधार
राहुल कंवल के टीवी टुडे ग्रुप से जाने की चर्चाएं निराधार हैं. यह कहना है का राहुल कंवल के कुछ करीबियों का. भड़ास4मीडिया से बात करते हुए राहुल कंवल के एक करीबी ने बताया कि राहुल कंवल टीवी टुडे ग्रुप से कहीं नहीं जा रहे. वे पूरी निष्ठा और लगन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं और आगे भी करेंगे. उनके इंडिया टीवी ज्वाइन करने संबंधी भड़ास पर प्रकाशित गासिप तथ्यों से परे है. राहुल की टीवी टुडे प्रबंधन या किसी अन्य से कोई शिकायत या विवाद नहीं है. जो कुछ भी राहुल कंवल के बारे में लिखा जा रहा है, वह मनगढ़ंत और अफवाह है.
भड़ास तक अपनी बात आप [email protected] के जरिए पहुंचा सकते हैं.






