लंबे समय तक मीडिया से जुड़े रहे निशिकांत ठाकुर ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने उन्हें सदस्यता दिलाई। इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव जेपी नड्डा भी मौजूद थे। बिहार में जन्मे निशिकांत ठाकुर ने अपने जीवन की नई पारी शुरू की है। हालांकि, इससे पहले वह कभी सक्रिय राजनीति में नहीं रहे, लेकिन 'दैनिक जागरण' समूह में विभिन्न दायित्व निभा चुके ठाकुर का सामाजिक दायरा काफी बड़ा रहा है।
लगभग साढ़े तीन दशक की सेवा के बाद पिछले माह उन्होंने जागरण से अवकाश प्राप्त किया। इससे पहले वह लंबे समय तक हिमाचल प्रदेश, हरियाणा व पंजाब संस्करण के स्थानीय संपादक रहे। इसके अतिरिक्त वह दिल्ली, एनसीआर और जम्मू-कश्मीर के साथ जागरण के कई संस्करणों के प्रकाशक व मुद्रक भी रहे। उन्होंने जागरण समूह के मुख्य महाप्रबंधक के रूप में भी अपनी लंबी सेवाएं दीं।






