: खुशहाल ने शुरू की हिमाचल आजकल से नई पारी : हिमाचल आजकल न्यूज चैनल से चीफ रिपोर्टर रमेश सिंगटा ने विदाई ले ली है और उनके स्थान पर खुशहाल सिंह ने हिमाचल आजकल ज्वाइन कर लिया है। हिमाचल आजकल से रमेश सिंगटा की विदाई बड़ी दिलचस्प ढंग से हुई। चैनल के प्रधान संपादक कृष्ण भानु और रमेश सिंगटा संयोग से एक साथ अपने-अपने फेसबुक एकाउंट पर ऑनलाइन पर थे। अचानक सिंगटा ने संपर्क कर फेसबुक पर लिखा कि वह एक नया अखबार ज्वाइन करना चाहते हैं, क्या अनुमित है।
प्रधान संपादक ने लिखा ‘सोच लो’ सिंगटा ने जवाब दिया ‘सोच लिया है’ और कृष्ण भानु ने फेसबुक पर ही सिंगटा को पदमुक्त कर दिया। उन्होंने कहा कि नियमानुसार एक महीने का नोटिस देने की भी जरूरत नहीं है उन्हें पूरा वेतन दे दिया जाएगा। फेसबुक पर पद छोड़ने व फेसबुक पर ही पदमुक्त करने का पत्रकारिता जगत में यह संभवतः पहला मामला है।
पंजाब केसरी शिमला के वरिष्ठ संवाददाता खुशहाल सिंह ने हिमाचल न्यूज चैनल में आज से ही नई पारी शुरू कर दी है। खुशहाल पंजाब केसरी से पहले अजीत समाचार, आपका फैसला और दैनिक जागरण में काम कर चुके हैं। उन्हें हिमाचल आजकल न्यूज चैनल में चीफ रिपोर्टर बनाया गया है।






