लग्जमबर्ग स्थित आरटीएल ग्रुप एसए के साथ संयुक्त उद्यम सौदे पर हस्ताक्षर करने वाली अनिल अंबानी समूह की कंपनी रिलायंस ब्रॉडकास्टिंग नेटवर्क (आरबीएन) इसी तिमाही में अपना पहला मनोरंजन चैनल थ्रिल पेश करने की तैयारी कर रही है। आरटीएल यूरोप की सबसे बड़ी मीडिया फर्म बर्टेल्समैन एजी की इकाई है और इसकी कुल बाजार पूंजी 15.5 अरब डॉलर (69,900 करोड़ रुपये) है। कंपनी यूरो के 10 देशों में 40 से अधिक टेलीविजन चैनलों और 33 रेडियो स्टेशनों का संचालन कर रही है।
कंपनी प्रबंधन का कहना है कि आरटीएल बहुभाषी सामग्रियों के साथ दो चैनल लॉन्च करेगी। भारत में मनोरंजन जगत पर मुख्य रूप से महिलाओ का दबदबा है और इसमें पुरुषों के लिए सीमित विकल्प मौजूद हैं। जिस वजह से थ्रिल को लॉन्च करने का निर्णय लिया है- उसमें पहला यह कि फिलहाल ऐसा कोई चैनल नहीं है जो अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों को हिंदी में रूपांतरित कर दिखाए। और दूसरा, मनोरंजन के रूप में एक्शन को लेकर आमतौर पर फिल्में ही बनती हैं, लेकिन मनोरंजन चैनलों के माध्यम से एक्शन को दिखाने पर ध्यान नहीं दिया जाता है।'
दूसरी तरफ भारतीय टेलीविजन के क्षेत्र में बड़ी हिस्सेदारी रखने वाल स्टार इंडिया समूह एक नया मूवी चैनल लांच करने जा रहा है। चैनल का नाम मूवीज ओके रखा गया है। चैनल को टेस्ट सिग्नल पर भी डाल दिया गया है। स्टार इंडिया रुपर्ट मर्डोक के स्वामित्व वाले न्यूज कॉर्प का हिस्सा है। यह इस ग्रुप का दूसरा हिंदी मूवी चैनल होगा। समूह इसके पहले ही एक मूवी चैनल स्टार गोल्ड का प्रसारण कर रहा है। सूत्रों का कहना है कि इसमें स्टार की ब्रांडिंग नहीं की जाएगी बल्कि 'ओके' समूह को ही ब्रांड के रूप में पेश किया जाएगा। गौरतलब है कि इसके पहले भी स्टार वन चैनल की जगह दिसम्बर 2011 में अजीत ठाकुर के निर्देशन में लाइफ ओके चैनल लांच किया गया था।





