लखनऊ : वरिष्ठ पत्रकार सुभाष दवे का कल यहां लम्बी बीमारी के बाद निधन हो गया। श्री दवे लगभग 69 वर्ष के थे। उन्होंने कल अपारन्ह एक बजे ओसीआर स्थित आवास पर अंतिम सांस ली। वे 'स्वदेश', भोपाल के राजधानी में विशेष संवाददाता थे। इसके पूर्व श्री दवे अमर उजाला, नई दुनिया, हिन्दुस्थान समाचार, तरुण भारत और राष्ट्रधर्म में कार्यरत रहे थे। श्री दवे के पारिवारजनों के अनुसार अन्त्येष्टि आज मंगलवार को दोपहर लगभग 11.30 बजे भैंसाकुण्ड श्मशान घाट पर होगी।
अत्यन्त मिलनसार एवं हंसमुख स्वभाव के व्यक्त्वि के धनी सुभाष दवे का जन्म मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित दवे परिवार में 12 अगस्त 1942 को हुआ। उन्होंने दैनिक नई दुनिया से पत्रकारिता की शुरुआत की। इसके बाद वे भोपाल में हिन्दुस्थान समाचार के संवाददाता नियुक्त हुए। श्री दवे हिन्दुस्थान समाचार में ही अहमदाबाद में भी कार्यरत रहे। इसके उपरान्त उन्होंने लखनऊ में राष्ट्रधर्म मासिक, तरुण भारत सांध्य दैनिक में
सम्पादन कार्य किया। वे अमर उजाला के लखनऊ ब्यूरो में लम्बे समय तक कार्यरत रहे तथा बाद में ब्यूरो प्रमुख हुए। इस समय में वे स्वदेश भोपाल संस्करण से संबद्ध थे।
श्री दवे पत्रकारों के कल्याण एवं उनकी समस्याओं के समाधान के लिए भी अग्रणी भूमिका निभाते थे। उ.प्र.जर्नलिस्ट्स एसोसिेशन (उपजा) से इसकी स्थापना के समय से ही जुडे थे। वे उपजा के प्रदेश महामंत्री रहे तथा वर्तमान में प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य थे। श्री दवे नेशनल यूनियन आफ जर्नलिस्ट्स (इण्डिया) के कई बार राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रहे। उ.प्र. राज्य प्रेस मान्यता समिति के भी सदस्य मनोनीत किये गए थे।
वे गत दो माह पहले मस्तिष्क पक्षाघात के कारण गंभीर रूप से बीमार हो गए थे तथा अचेतावस्था में थे। उनका इलाज राजधानी के छावनी क्षेत्र स्थित कमाण्ड अस्पताल में चला। स्वास्थ्य में कुछ सुधार की संभावना के बीच ही कल उन्होंने अंतिम सांस ले ली। श्री दवे के परिवार में पत्नी, एक पुत्र एवं पुत्री हैं। उनके परिवार जनों के अनुसार अन्त्येष्टि आज मंगलवार को पूर्वान्ह 11.30 बजे गोमती तट स्थित भैंसाकुण्ड श्मशान घाट पर होगी।
उपजा के उत्तर प्रदेश महामंत्री सर्वेश कुमार सिंह की रिपोर्ट.






