लखीमपुर : लखनऊ से प्रकाशित हिंदी दैनिक समाचार पत्र के स्थानीय फोटो पत्रकार से महिला थाने में अभद्रता करने वाले चौकी इंचार्ज को पुलिस अधीक्षक ने हटा दिया है। एसपी ने सीओ सिटी की जांच के बाद यह कार्रवाई की है। इस मामले में संलिप्त एएसपी के गनर पर अभी तक कार्रवाई तय नहीं हुई है। महिला थाने में महिला पुलिस से एक सपा नेता द्वारा कथित अभद्रता की सूचना पाकर कवरेज करने गए पत्रकार मोहम्मद साजिद से अभद्रता करने वाले जेल गेट चौकी इंचार्ज शिव चरन लाल को वहां से हटा दिया गया है।
उपनिरीक्षक शिव चरन को मोहम्मदी कोतवाली की रेहरिया चौकी भेजा गया है। पुलिस अधीक्षक ने यह कार्रवाई सीओ सिटी दिनेश कुमार पुरी की रिपोर्ट पर की है। वहीं दूसरी तरफ अभी तक मामले में दोषी सिपाही पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। दोषी सिपाही अपर पुलिस अधीक्षक का गनर है। ज्ञातव्य हो कि 20 अगस्त को महिला थाने में सपा छात्र सभा अध्यक्ष व एक महिला आरक्षी के बीच विवाद हो गया था। इस मामले की सूचना मिलने के बाद फोटो पत्रकार मोहम्मद साजिद कवरेज के लिए पहुंचे थे, लेकिन वहां मौजूद जेल गेट प्रभारी की मौजूदगी में एक सिपाही ने अभद्रता की थी। मामले ने तूल पकड़ लिया था। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए जेल गेट चौकी इंचार्ज को वहां से हटा दिया।






