: बिना माई-बाप के चल रहा है चैनल : लाइव इंडिया का कोई भी माई-बाप नहीं दिख रहा है. कर्मचारी सेलरी को लेकर परेशान हैं. जिनके पैसे बकाए हैं वो भुगतान को लेकर घबराहट में हैं. इस बीच परेशान कर्मचारियों ने अब चैनल में चोरी शुरू कर दी है. चैनल से दो चीजों की चोरी हो चुकी है. और दिलचस्प बात यह है कि ये दोनों चोरियां रविवार की रात को अंजाम दी गई हैं. इसके बाद से प्रबंधन ने सिक्युरिटी टाइट कर दी है तथा सभी लोग के जाने से पहले बैग तक की तलाशी ली जा रही है.
लाइव इंडिया पिछले कई महीने से बिना किसी हेड के चल रहा है. सीनियर नया-पुराना दिखाकर किसी तरह चैनल को चला रहे हैं. दिसम्बर महीने के पहले रविवार को न्यूज रूम में लगा कैमरा चोरी हो गया. इस कैमरे से ही लाइव चैट की जाती थी. कैमरा चोरी हो जाने के बाद न्यूज रूम का काम बुरी तरह प्रभावित है. अब पुराने कार्यक्रम को दिखाकर काम चलाया जा रहा है. बीते रविवार यानी 18 दिसम्बर को किसी ने एफसीपी की हार्ड डिस्क ही चोरी कर ली, जिसके बाद मुश्किलें और ज्यादा बढ़ गई हैं.
चैनल के कर्मचारियों का अक्टूबर और नवम्बर की सेलरी अब तक नहीं आई है. एचआर हेड ऋषिकेश किसी तरह लोगों को आश्वासन देकर चैनल को ब्लैक आउट होने से बचा रहे हैं. अब तक तीस से ज्यादा कर्मचारी चैनल से इस्तीफा देकर दूसरे जगह ज्वाइन कर चुके हैं या आफिस आना छोड़ दिया है. चैनल की आतंरिक स्थिति बिल्कुल बदतर हो गई है. सीईओ सुधीर चौधरी तो पिछले कई महीने से ऑफिस नहीं आ रहे हैं. कर्मचारी परेशान हैं कि वे अपना दुखड़ा सुनाएं तो किसे सुनाएं. खबर है कि चैनलकर्मी अब सेलरी के लिए फिर हंगामा करने की तैयारी भी कर रहे हैं.





