केरल के पहले चौबीसों घंटे के मलयालम भाषी न्यूज चैनल 'इंडिया विजन' से खबर है कि यहां एंकर अभिलाष ने शो के दौरान लाइव ही घोषणा कर दी कि वे लोग हड़ताल पर जा रहे हैं. इसके बाद चैनल ठप हो गया और मीडियाकर्मियों ने हड़ताल शुरू कर दी. बताया जाता है कि चैनल के एक्जीक्यूटिव एडिटर एमपी बशीर और न्यूज कोआर्डिनेटर वी उन्नीकृष्णनन ने प्रबंधन को आंतरिक भ्रष्टाचार के बारे में सूचित कर जांच की मांग की थी. पर प्रबंधन ने उल्टे इन्हीं दोनों को नौकरी से निकाल दिया.
न्यूज चैनल इंडिया विजन वर्ष 2003 में लांच हुआ था. चैनल को इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के नेता एमके मुनीर ने प्रमोट किया था. इस चैनल ने काफी स्टिंग भी किए थे. हड़ताल की वजह से गुरुवार सुबह 11 बजे प्रसारित होने वाला कार्यक्रम 'हैपनिंग ऑवर' मात्र 11 मिनट में खत्म हो गया. शाम तक मैनेजमेंट ने कुछ पत्रकारों के सहारे चैनल शुरू तो करवा दिया लेकिन अभी भी कई कर्मचारी हड़ताल पर हैं.






