वाराणसी में महाश्मशान पर लाशों की 'आइपीएल' हो रही है। अब तक क्रिकेट में स्पॉट फिक्सिंग पर ही सट्टेबाजी हो रही थी लेकिन काशी में कुछ सट्टेबाजों ने इसे भी पीछे छोड़ दिया। चौंकाने वाली बात यह है कि इस सट्टेबाजी को कुछ टीवी चैनलों द्वारा ही प्रायोजित किया गया था। इस सट्टेबाजी को आधा दर्जन समाचार चैनलों ने दिखाया तो पुलिस प्रशासन के कान खड़े हो गए। आनन फानन में गुरुवार की रात इस मामले में चौक थाने में जुआ एक्ट के तहत दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने आधा दर्जन न्यूज चैनलों को नोटिस जारी किया है। कई टीवी चैनलों ने दिखाया था कि बनारस में श्मशान घाट पर भी आईपीएल की तर्ज पर सट्टा लगाया जा रहा था कि एक घंटे में मणिकर्णिका घाट पर कितनी लाशें जल जाएंगी। इस दौरान आधा दर्जन चैनलों ने रुपयों का लेन-देन भी प्रसारित किया था। खबर चलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। संवेदनशील मामले की जब जांच की गई तो मामला कुछ और निकला।
यह खबर कुछ न्यूज चैनलों का प्रायोजित खेल निकला। पुलिस का कहना है कि न्यूज चैनल वाले दो लोगों को बहला-फुसलाकर मणिकर्णिका घाट ले आए और उनसे लाशों की संख्या लेकर सट्टा लगवाने लगे। इसके बाद ब्रह्मनाल चौकी प्रभारी उदय प्रताप पांडेय ने दो अज्ञात लोगों के खिलाफ चौक थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस इस विवेचना के दायरे में न्यूज चैनलों को भी शामिल करेगी। जांच में चैनलों का गोरखधंधा सामने आने के बाद एसएसपी अजय मिश्र ने आधा दर्जन न्यूज चैनलों को सीआरपीसी की धारा 160 के तहत नोटिस जारी कर तलब किया है।






