लुधियाना : दमोरिया पुल के पास एक अखबार के वैंडर से दो लुटेरों ने चाकू की नोंक पर नकदी व मोबाइल फोन लूट लिया। इसके बाद उक्त दोनों आरोपी जान से मारने की धमकियां देते वहां से भाग निकले। जब वैंडर (हॉकर) मामले की शिकायत थाना डिवीजन चार की पुलिस को दर्ज करवाने पहुंचे तो उन्होंने जांच के बाद शिकायत दर्ज करने की बात कही।
हॉकर विजय कुमार हैबोवाल का रहने वाला है। शुक्रवार सुबह वह अपने साइकिल पर कहीं काम से जा रहा था। रास्ते में दमोरिया पुल के पास उसको पैदल जा रहे दो युवकों ने घेर लिया। दोनों ने चाकू की नोक पर उससे चार हजार रुपये की नकदी व मोबाइल फोन लूट लिया और जान से मारने की धमकियां दे वहां से भाग गए। विजय कुमार ने आरोप लगाया कि जब वह थाना डिवीजन चार की पुलिस को शिकायत दर्ज करवाने गया तो वहां मौजूद पुलिस कर्मियों ने उसको जांच के बाद शिकायत दर्ज करने की बात कही। वहीं थाना डिवीजन चार के इंचार्ज अमनदीप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। साभार : जागरण






