दैनिक भास्कर, लुधियाना के नए संपादक शमशेर चंदेल ने भोपाल में ज्वाइन करने की औपचारिकता तीन मार्च को ही कर ली, मगर अभी तक उनका लुधियाना टीम से परिचय नहीं हुआ है. बताया जा रहा है कि नए संपादक को भास्कर प्रबंधन अभी भास्कर की कार्यशैली के बारे में ट्रेनिंग दे रहा है. पहले उन्हें कुछ दिन भोपाल यूनिट में फिर इंदौर यूनिट में कामकाज के बारे में ट्रेनिंग दी गयी. अब तीन दिन से वह भास्कर के जयपुर यूनिट में ट्रेनिंग ले रहे हैं.
नए संपादक की ट्रेनिंग पर भास्कर, लुधियाना में खूब चटखारे लेकर चर्चा की जा रही है. लुधियाना भास्कर में रोज़ यही चर्चा हो रही है कि नए संपादक कब आयेंगे. कोई कहता है अभी तो नए साहब काम सीख रहे हैं तो कोई कहता है साहब अभी मास्टर की ट्रेनिंग ले रहे है फिर यहाँ आकर सबको काम सिखायेंगे. उधर काफी जूनियर और कम अनुभवी को लुधियाना भास्कर का संपादक बनाए जाने से कुछ लोगों में असंतोष भी है. बठिंडा भास्कर के एडिटर ने तो प्रबंधन से नाराज़गी जताते हुए अपना ट्रांसफर करने की सिफारिश की है.
यूँ तो कहा जा रहा है कि वह अपने गृह राज्य मध्य प्रदेश लौटना चाहते हैं, मगर अंदरखाने चर्चा के मुताबिक़ बठिंडा भास्कर संपादक को यह खल रहा है कि उनसे जूनियर और प्रिंट मीडिया के कम अनुभवी को लुधियाना जैसे यूनिट का संपादक बना दिया गया, जबकि उनकी वरिष्ठता की अनदेखी करते हुए उन्हें दो साल से बठिंडा का संपादक बनाया गया है, जहाँ से सिर्फ चार सिटी बठिंडा, फिरोजपुर, मोगा और संगरूर का पुल आउट बनता है.






