सिरसा : अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त राजनीतिक विश्लेषक वेद प्रताप वैदिक ने कहा है कि देश में लोकतंत्र को बचाने के लिए सच्ची पत्रकारिता आज के समय की सबसे बड़ी जरूरत है इसलिए पत्रकारों को ऐसी पत्रकारिता करके अपनी महती भूमिका निभानी चाहिए। श्री वैदिक मंगलवार को हरियाणा पत्रकार संघ की जिला इकाई द्वारा स्थानीय पंचायत भवन में हिंदी पत्रकारिता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित विचार गोष्ठी में जिला भर से आए हुए पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि सच्ची पत्रकारिता के लिए समाचार पत्रों के संपादकों तथा पत्रकारों ने बहुत बड़ी कुर्बानियां दी हैं। ऐसे लोग आज भी पत्रकारों के लिए प्रकाश कुंज बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया भर में प्रभाव डाल रहे बाजारवाद ने समाचार पत्रों और पत्रकारों को भी प्रभावित किया है, लेकिन इस सब के बावजूद हिंदी समाचार पत्रों और पत्रकारों ने हमेशा अपने कर्तव्य का निवर्हन किया है और अपनी कलम को समाज के सर्वाधिक पीडित वर्ग के लिए चलाया है। विचार गोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए गृह राज्य एवं स्थानीय निकाय मंत्री गोपाल कांडा ने कहा कि वे पत्रकारिता को एक मिशन मानते हैं इसलिए हमेशा ही पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहते हैं। उन्होंने हरियाणा पत्रकार संघ के सदस्य मेनपाल वर्मा को उनके हृदय रोग के उपचार के लिए हर संभव सहयोग करने का आश्वासन दिया।

इससे पूर्व विचार गोष्ठी के विषय का प्रवर्तन करते हुए वरिष्ट साहित्यकार हरभगवान चावला ने कहा कि बाजारवाद के इस दौर में जबकि आदमी की बजाए बाजार प्राथमिकता बन गया हो, पत्रकार के लिए हर तरफ चुनौतियां ही चुनौतियां हैं, फिर भी पत्रकार को समाज को दिशा देने के लिए अपनी कलम का इस्तेमाल करना चाहिए, क्योंकि पूरा समाज उनकी तरफ आशा की दृष्टि से देखता है। इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए जनसंपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक अरूण जौहर ने आजादी के समय से अब तक की पत्रकारिता में आए बदलावों पर विस्तारपूवर्क चर्चा की। हरियाणा पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष केबी पंडित ने अपने संबोधन में संघ के पत्रकारों के हितों में किए गए संघर्ष और उपलब्धियों का वर्णन किया।
समारोह अध्यक्ष और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि गोबिंद कांडा ने सभी पत्रकार और पत्रकार संगठनों को मिलजुलकर काम करने का आह्वान किया तथा हरियाणा पत्रकार संघ को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। इससे पूर्व संघ के जिला प्रधान लाज पुष्प ने अतिथियों का स्वागत किया और हिंदी पत्रकारिता दिवस पर सभी पत्रकारों को बधाई दी। मंच का संचालन करते हुए प्रदीप सचदेवा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर हरियाणा पत्रकार संघ के राधेश्याम सोनी, अरूण बंसल, नंदकिशोर लढा, नकूल जसूजा, महेंद्र घणघस सहित जिलाभर से आए पत्रकार मौजूद थे।





