लोक सभा उपाध्यक्ष एवं खूंटी के सांसद करिया मुंडा ने शनिवार को मुरहू के पत्रकार जितेंद्र सिंह के घर जाकर उनके परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि दुःख की घड़ी में वे उनके परिवार के साथ हैं। पिता श्रीनिवास सिंह, भाई सुरेंद्र सिंह, बिरेंद्र सिंह सहित सभी रिश्तेदारों को ढांढस बंधाया। जितेंद्र के इकलौते पुत्र राज सिंह ने श्री मुंडा के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया। लोक सभा उपाध्यक्ष ने कहा कि जितेंद्र सिंह निष्पक्ष, मेहनती, इमानदार और कर्तव्यनिष्ठ पत्रकार थे। उन्हें हमेशा समाज के विकास की चिंता लगी रहती थी। उनकी हत्या से समाज को अपूर्णीय क्षति हुई है।
श्री मुंडा ने परिवार के सदस्यों और उनके दोस्तों से घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि उनके परिवार के भरण-पोषण के लिए परिवार के एक सदस्य के सरकारी नौकरी दिलाने के लिए राज्य सरकार के गृह मंत्रालय को पत्र लिखेगें। उन्होंने कहा कि मैंने पहले भी कहा था कि दूसरा चंबल घाटी बन गया है खूंटी। करिया मुंडा ने खूंटी में सालों से हो रही हत्या की घटनाओं पर रोष प्रकट की है। उन्होंने कहा कि हर महीने इस जिले में पांच से दस लोगों की हत्या हो जाती है।
जितेंद्र सिंह के हत्याकांड में शामिल पीएलएफआई के उग्रवादी अब भी पुलिस के गिरफ्त से बाहर हैं। हत्याकांड की घटना के 15 दिनों बाद भी हत्यारे खुले आम घूम रहे हैं। इस हत्याकांड में कई लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई, लेकिन पुलिस ने इस हत्याकांड में किसी आरोपी को अरेस्ट नहीं किया है।






