समाचार एजेंसी भाषा की मुंबई से जारी खबर के अनुसार भारतीय जनता पार्टी के लोग महाराष्ट्र के वरिष्ठ पत्रकार कुमार केतकर से काफी नाराज हैं. महाराष्ट्र विधान परिषद में विपक्ष के नेता विनोद तावडे ने बीजेपी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी को कथित रूप से नफरत के प्रतीक बताने वाले बयान पर दिग्गज पत्रकार कुमार केतकर की आलोचना की.
तावडे ने दिग्गज पत्रकार के बयान पर प्रतिक्रिया में कहा कि केतकर ने अपना मानसिक संतुलन खो दिया है. दिव्य मराठी के संपादक केतकर ने शनिवार को पुणे जिले में वार्षिक अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन में प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी नफरत के प्रतीक हैं. अगर आप ऐसे व्यक्ति को प्रधानमंत्री बनाते हैं तो उसका खमियाजा भुगतने के लिए तैयार रहें. केतकर ने मोदी को एक ऐसा शख्स बताया जो विनाशकारी संदेश का प्रसार करता है और जो देश को बांटना चाहता है.






