एक जमाने में क्राइम शो के चर्चित नाम राघवेंद्र कुमार मुदगल पिछले कई घंटों से पटना में वेंटिलेटर पर हैं. वे दिल्ली से पटना ट्रेन से जा रहे थे, तभी उन्हें दिक्कत महसूस हुई और पटना उतरने के बाद उन्हें डाक्टरों को दिखाया गया. हालात गंभीर देखकर डाक्टरों ने उन्हें तत्काल भर्ती कराया और स्थिति कंट्रोल न होते देख उन्हें आईसीयू में ट्रांसफर कर दिया गया. फिलहाल वे मगध हास्पिटल के आईसीयू में हैं. अच्छी खबर है कि वे सुधर रहे हैं. उनकी हालत तेजी से ठीक हो रही है. मुदगलजी अब बात करने लगे हैं. उनके घरवालों को सूचित कर दिया गया है.
मुदगलजी के लिए वरदान साबित हुए उनके सहयात्री जो दिल्ली से उनके साथ पटना के लिए चले थे. उनमें से कुछ लोग मीडिया से हैं. उन लोगों ने मुदगल जी की हालत बिगड़ने पर उन्हें यथासंभव हर जगह मदद दिलाने की कोशिश की, पर भारतीय सिस्टम की जो दिक्कतें होती हैं, वो दिक्कतें उन्हें भी झेलनी पड़ीं. अंततः उन्हें पटना में पहुंचने के बाद ही भर्ती कराया जा सका. कुछ लोगों का कहना है कि उन्हें माइनर हर्ट अटैक दिल्ली से चलते समय ही शुरू हो गया था जो पटना पहुंचते पहुंचते और इलाज ठीक से न मिलने के कारण गंभीर हो गया. मुदगल से जुड़े लोगों ने उनके लिए प्रयास करना शुरू कर दिया है. हालांकि अभी तक कोई ऐसा केंद्र नहीं बन सका है जिससे मुदगल के लिए आथेंटिक बातचीत की जा सके.





