इलाहाबाद : वरिष्ठ खेल पत्रकार गोपाल जी भारतीय का गुरुवार की सुबह सात बजे निधन हो गया। 53 वर्षीय गोपाल जी भारतीय लंबे समय से किडनी की बीमारी से पीड़ित थे। वे पिछले वर्ष से अस्वस्थ चल रहे थे। पिछले एक माह में उनकी हालत और बिगड़ गई थी। गुरुवार की सुबह उन्होंने अपने मालवीय नगर स्थित आवास पर अंतिम सांस ली। रसूलाबाद घाट पर पूर्वाह्न 11 बजे उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके बड़े भाई रामजी भारतीय ने उन्हें मुखाग्नि दी। उनके निधन से खेल जगत एवं खिलाड़ियों में शोक की लहर दौड़ गई।
खेल पत्रकार होने के साथ ही गोपाल जी भारतीय उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के राज्य पैनल के अंपायर, इलाहाबाद क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त संयोजक व अंपायर्स कमेटी के चेयरमैन भी थे। वह अविवाहित थे और उन्होंने अपना सारा जीवन क्रिकेट के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने इलाहाबाद की क्रिकेट को बढ़ाने में विशेष योगदान दिया।
उनके अंतिम संस्कार में खेल की विभिन्न विधाओं के खिलाड़ी और संचालक पहुंचे। इनमें ओलंपियन अभिन्न श्याम गुप्ता, श्याम बाबू गुप्ता, डॉ. सुनील वर्मा, एसडी कौटिल्य, नारायण जी गोपाल, देवेश मिश्र, परवेज आलम, डॉ. अनूप श्रीवास्तव, सोमेश्वर पांडेय, विवेक सिंह, डॉ. जयप्रकाश शर्मा, अकील अब्बास रिजवी, सैयद नजर अब्बास रिजवी, इफ्तेखार अहमद पापू, एलबी काला, शीलू भार्गव, केपी जायसवाल, रवींद्र मिश्र समेत तमाम खिलाड़ी एवं पत्रकार शामिल रहे। (जागरण)






