वरिष्ठ पत्रकार और जम्मू के प्रमुख अंग्रेजी समाचार पत्र डेली एक्सेलसियर के प्रधान संपादक एस़डी़ रोहमेतरा का गुरुवार की सुबह दिल्ली के एम्स में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 72 वर्ष के थे। पिछले एक हफ्ते से बीमार थे। उन्हें इलाज के लिए एम्स में भर्ती कराया गया था। उनके परिवार में पत्नी उषा रोहमेतरा और चार बच्चे हैं। संवाद समिति यूनाईटेड न्यूज ऑफ इंडिया (यूएनआई) से जुड़ने के बाद रोहमेतरा 1969 से 1993 तक जम्मू-कश्मीर में इसके ब्यूरो चीफ रहे। इसके बाद उन्होंने अपना खुद का अखबार डेली एक्सेलसियर शुरू किया जो जम्मू-कश्मीर का प्रमुख अखबार के रूप में स्थापित हुआ। जम्मू से प्रकाशित इस अखबार के वह प्रिंटर, प्रकाशक और प्रधान संपादक थे।






