नई दिल्ली। वरिष्ठ पत्रकार एवं समाचार एजेंसी आईएएनएस के राजनीतिक सम्पादक जार्ज जोसेफ का दिल का दौरा पड़ने से सोमवार को निधन हो गया। वह 57 वर्ष के थे। रविवार रात को दिल का दौरा पड़ने पर उन्हें नोएडा के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। ऑपरेशन के बाद उनकी हालत में कुछ सुधार भी हुआ। लेकिन रात में उनकी स्थिति खराब हो गई। जोसेफ के परिवार में पत्नी एवं एक पुत्री हैं। इनकी पत्नी आशा खोसा भी सीनियर जर्नलिस्ट हैं।
जोसेफ ने अपने करियर की शुरुआत 1980 में समाचार पत्र 'नेशनल हेराल्ड' के साथ की थी। इसके बाद दौरान वह 'टाइम्स ऑफ इंडिया' के साथ जयपुर में जुड़े। आतंकवाद के दौर में वे श्रीनगर में 'इंडियन एक्सप्रेस' को अपनी सेवाएं दी। जोसेफ 2010 में आईएएनएस से जुड़े तब से वहीं थे। जार्ज का पार्थिव शरीर लोगों के दर्शन के लिए दिल्ली स्थित केरला हाउस में रखा गया है। जार्ज को कल सुबह की फ्लाइट से उनके पैतृक गांव ले जाया जाएगा। जहां पर उनका धार्मिक विधि से अंतिम संस्कार किया जाएगा।
एजेंसी के प्रधान सम्पादक तरुण बसु ने अपने शोक संदेश में कहा कि जार्ज एक ईमानदार एवं शांत स्वभाव वाले पत्रकार थे। हाल ही में कुछ साथी पत्रकारों के साथ वह उत्तर प्रदेश में चुनाव प्रचार को कवर करने गए थे। ऐसे में कहा जा सकता है कि उन्होंने राजनीतिक रिपोर्ट और साक्षात्कार लिखते हुए दुनिया को अलविदा कह दिया। उन्हें निश्चित तौर पर याद किया जाएगा। उनके निधन पर जार्ज के खास सहयोगी वरिष्ठ पत्रकार शकील ने भी गहरा दुख जताया है। शकील ने आतंकवाद के दौर में जार्ज की पत्रकारिता को याद करते हुए कहा कि जार्ज का जाना पत्रकारिता के लिए बड़ी क्षति है।






