मोग। बुजुर्ग पत्रकार एवं एडवोकेट सरदार अमर सिंह धीमान के 53 साल की वकालत पूरी करने पर अपनी किताबें जिला बार एसोसिएशन के पुस्तकालय को दान कर दी। इस उपलक्ष्य में जिला बार एसोसिएशन की ओर से सोमवार को कोर्ट परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समागम की प्रधानगी डीसी अर्शदीप सिंह थिंद और जिला सेशन जज मोगा कर्मजीत सिंह कंग ने की। पुलिस के आईजी ईश्वर चंद्र समागम में मुख्य मेहमान रहे।
इस मौके पर एसएसपी सुरजीत सिंह ग्रेवाल, एडिशनल जिला एवं सेशन जज हरपाल सिंह, चीफ जुडीशियल मैजिस्ट्रेट राकेश गुप्ता, एडिशनल चीफ जुडीशियल मैजिस्ट्रेट गुरमेल सिंह ढिल्लों, एसडीएम अजमेर सिंह धर्मकोट के अलावा जिला बार एसोसिएशन के प्रधान सुनील गर्ग व बार के पदाधिकारी उपस्थित थे। आईजी ईश्वर चन्द्र ने कहा कि पढ़-लिख कर व्यक्ति बड़ा पद तो प्राप्त कर सकता है लेकिन इंसान बनना दूर की बात है। उन्होंने सरदार अमर सिंह की प्रशंसा करते कहा कि उन्होंने अपने जीवन के दौरान इस वकालत के कार्य के साथ-साथ बतौर पत्रकार ईमानदारी से मानवता की सेवा की।
डीसी अर्शदीप सिंह थिंद ने कहा कि अमर सिंह धीमान ने अपने जीवन की पूंजी वकालत के तहत एकत्रित की किताबें जिला बार एसोसिएशन को दान देकर एक नई प्रथा शुरू की है, इससे हमें प्रेरणा लेनी चाहिए। जिला बार एसोसिएशन के प्रधान एडवोकेट सुनील गर्ग, बोधराज मजीठिया, विजय धीर, जगदीश बावा ने भी समारोह को संबोधित किया। इस मौके पर जिला बार एसोसिएशन और जिला प्रशासन की ओर से अमर सिंह को शाल और सम्मान चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। साभार : अमर उजाला





