सर्वश्रेष्ठ महिला पत्रकार के लिए 2012 का चमेली देवी जैन पुरस्कार नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में तुषा मित्तल को दिया गया. तुषा मित्तल कोलकाता में तहलका मैगजीन के साथ जुड़ी हुई हैं. मीडिया फाउंडेशन की ओर से नई दिल्ली के इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य चुनाव आयुक्त वाईएस कुरैशी ने तुषा को यह पुरस्कार प्रदान किया. इनको यह पुरस्कार वेस्ट बंगाल, ओडिसा तथा छत्तीसगढ़ में नक्सली हिंसा के पीछे का सच और बांग्लादेश सीमा पर पशुओं की तस्करी के मामले में बेहतरीन रिपोर्टिंग के लिए दिया गया है.
पुरस्कार देने के पश्चात मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि महिलाएं आज समाज के हर क्षेत्र के उत्थान में महत्पूर्ण कड़ी बन चुकी हैं. वे अपने काम से हर क्षेत्र में नाम कमा रही हैं. मीडिया में भी महिलाओं का योगदान सराहनीय है. इस अवसर पर चमेली देवी पुरस्कार पा चुकी पत्रकारों पर लिखी गई किताब 'मेकिंग न्यूज, ब्रेकिंग न्यूज, हर ओन वे' का विमोचन भी किया गया. इस किताब का संपादन लतिका पादगोनकर व शुभा सिंह ने संयुक्त रूप से किया है.
उल्लेखनीय है कि तीन श्रवण गर्ग की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय जूरी ने तुषा मित्तल के नाम का चयन किया था. इस पुरस्कार के लिए प्रिंट, टेलीविजन एवं रेडिया माध्यम से नौ राज्यों से 18 एंट्री आई थी. चमेली देवी जैन पुरस्कार उन महिला पत्रकारों को प्रदान किया जाता है, जो साल भर में बेहतरीन रिपोर्ट तैयार करती हैं. पुरस्कार समारोह के दौरान प्रो. नीरजा गोपाल जायल, नीना व्यास, बरखा दत्त समेत कई पत्रकार उपस्थित रहे.






