लखनऊ : समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रान्तीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दल के खिलाफ बयान देने वाले सपा विधायक प्रमोद कुमार गुप्ता को आज पार्टी से छह साल के लिये निष्कासित कर दिया। सपा के प्रान्तीय प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने यहां बताया कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश यादव की अनुमति से औरेया जिले के विधूना क्षेत्र से सपा विधायक प्रमोद कुमार गुप्ता को पार्टी विरोधी कार्यों में लिप्त होने तथा अनुशासनहीनता के आरोप में सपा से छह साल के लिये निष्कासित कर दिया है।
प्रमोद गुप्ता गुरुवार को विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने की धमकी देकर सुर्खियों में आ गए थे। उन्होंने क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगड़ने की भी बात कही थी। इस्तीफे प्रकरण ने सपा की अंदरूनी कलह और राजनीति को एक बार फिर सामने ला दिया। जानकारी के मुताबिक विधूना विधायक ने इस्तीफे में पार्टी के अंदर लगातार हो रही उनकी उपेक्षा और अधिकारियों द्वारा शासन की मंशा के अनुरूप काम न करने की बात कही है। विधायक का कहना है कि ऐसी स्थितियों में वह खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। गौरतलब है कि प्रमोद गुप्ता मुलायम सिंह यादव के रिश्तेदार तथा प्रतीक यादव के मौसा भी हैं।






