शिमला : शिमला के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी पीएस पेमवाल की अदालत में वीरभद्र सिंह सिंह द्वारा दायर किए गए मानहानि याचिका के मामले में सुनवाई हुई. श्री सिंह ने सीडी प्रकरण में विजय सिंह मनकोटिया पर मुकदमा दायर किया है. शुक्रवार को हुई सुनवाई में पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह की ओर से दो समाचार पत्रों के पत्रकार गवाह के तौर पर पेश हुए. उन दोनों ने कोर्ट में दिए गए अपने बयान में कहा कि 27 मई 2007 को धर्मशाला में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में मनकोटिया ने यह तथाकथित सीडी जारी कर सभी पत्रकारों को सुनाई थी.
पत्रकारों ने आगे बताया कि सीडी में कथित तौर पर लेनदेन की बात रिकार्ड की गई थी. अब इस मामले की सुनवाई 12 अक्टूबर को की जाएगी. इस दिन भी वीरभद्र सिंह की तरफ से कई और गवाह पेश किए जाएंगे.





