शाहजहांपुर : उत्तर प्रदेश में शाहजहांपुर जिले के कलान में पत्रकार प्रदीप सिंह का अल्हागंज से अपहरण हो गया. प्रदीप सिंह का अल्हागंज में ढाबा है और वहीं से कलान आने के लिए वह सुबह एक ट्रक में बैठे थे. बदमाशों ने उनसे घर पर फोन भी कराया है जिसके बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है. पुलिस सक्रियता से पत्रकार की तलाश में जुट गयी है. कलान में एक हिन्दी अखबार के रिपोर्टर प्रदीप सिंह कस्बे में परौर रोड पर रहते हैं.
रात वह ढाबे पर ही मौजूद थे. सुबह करीब चार बजे उनके ढाबे पर फर्रुखाबाद की तरफ से एक ट्रक आया. ट्रक वालों ने चाय नाश्ता किया तो इस दौरान प्रदीप को पता चला कि ट्रक कलान होते हुए जा रहा है तो उन्होंने घर जाने के लिए उससे लिफ्ट ले ली. सुबह करीब सात बजे प्रदीप का उनके भाई संतोष के मोबाइल पर फोन आया कि उनका अपहरण कर लिया गया है. मारपीट भी की गयी. रोते हुए प्रदीप ने बताया कि अपहरणकर्ता जमीन का बैनामा करने को कह रहे हैं.
दरअसल ढाबे के सामने स्टेट हाईवे पर सड़क किनारे करीब डेढ सौ मीटर जमीन है. यहीं पर चीनी मिल भी मंजूर हुई है. हाईवे के किनारे और चीनी मिल मंजूर होने से जमीन की कीमत करोड़ों में पहुंच गयी है. इसके बाद मोबाइल स्विच आफ कर दिया गया. उनके दोनों नंबर स्विच आफ बता रहे हैं. संतोष ने इसकी जानकारी तुरन्त थाने और बड़े अधिकारियों को दी जिसके बाद से सनसनी मची हुई है. पुलिस द्वारा ट्रक का पता लगाया जा रहा है.






