श्रीनगर। श्रीनगर के निवासी रविवार सुबह अखबार पढ़ने नहीं उठे। शहर में लगातार दूसरे दिन कर्फ्यू जारी है और किसी भी स्थानीय अखबार ने रविवार के अंक प्रकाशित नहीं किए। एक अखबार के संपादक ने कहा, "आज कोई स्थानीय अखबार प्रकाशित नहीं हुआ। यद्यपि कई स्थानीय अखबारों के वेब अंक इंटरनेट पर उपलब्ध हैं।" स्थानीय अंग्रेजी दैनिक, कश्मीर इमेजेज के संपादक बशीर मंजर ने आईएएनएस से कहा कि उनके अखबार के रविवार के अंक की प्रतियां पुलिस ने जब्त कर लीं। पुलिस ने अखबार के वितरण की अनुमति नहीं दी।
श्रीनगर में केबल टेलीविजन और इंटरनेट सेवा स्थगित है। यद्यपि कोई भी सेवा प्रदाता इस बात की पुष्टि के लिए तैयार नहीं है। बीएसएनएल की ब्राडबैंड सेवा हालांकि शहर में और शहर के बाहर रविवार को चालू है। घाटी के अन्य शहरों में केबल टेलीविजन सेवाएं बाधित नहीं हैं। इन शहरों के लोगों ने कहा है कि वे समाचार और अन्य कार्यक्रम देख पा रहे हैं। ये प्रतिबंध तब लगाए गए हैं, जब अफजल गुरु को शनिवार सुबह फांसी दिए जाने के बाद घाटी में तनाव व्याप्त हो गया। गुरु को 13 दिसम्बर, 2001 को संसद पर हुए हमले का दोषी पाया गया था और इस हमले की साजिश रचने के लिए उसे मृत्युदंड की सजा सुनाई गई थी। (आईएनएस)