नई दिल्ली : फिल्म डर्टी पिक्चर ने सिनेमाघरों में प्रदर्शन से पहले ही संसद में बवेला मचा दिया। इमरान हाशमी ने संसद परिसर में आकर इस पिक्चर का प्रचार क्या किया, संसद में आने वाले बाहरी आगंतुकों के लिए मीडिया के दरवाजे ही बंद हो गए। इमरान प्रकरण के बाद लोकसभा सचिवालय ने मुलाकाती व दर्शक के तौर पर दाखिल होने वाले लोगों के मीडिया से बात करने पर पाबंदी लगा दी है।
दरअसल एक सांसद ने इमरान के संसद परिसर में आकर पिक्चर का प्रचार करने के खिलाफ लोस अध्यक्ष से शिकायत की थी। जौनपुर से सांसद धनंजय सिंह ने लोस अध्यक्ष मीरा कुमार को पत्र लिखकर फिल्म के प्रचार के लिए संसद के इस्तेमाल पर तीखी आपत्ति दर्ज कराई थी। पत्र में भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए दिशानिर्देश जारी करने का भी आग्रह किया गया था। इसी के बाद लोकसभा सचिवालय ने यह कदम उठाया है। ये नियम लागू भी हो गए हैं।
अब संसद में मुलाकात व संसद की कार्यवाही देखने आने वाले लोगों के लिए जारी प्रवेश पास पर बाकायदा यह अंकित किया जा रहा है कि उन्हें मीडिया से बात करने की इजाजत नहीं है। 23 नवंबर को संसद आए इमरान ने मीडिया कैमरों के आगे इस बात को माना था कि वह अपनी आने वाली फिल्म डर्टी पिक्चर के प्रचार के लिए आए हैं। वहीं फिल्म प्रचार के लिए संसद के इस्तेमाल के बारे में पूछे जाने पर इमरान ने इसे एक गैर-पारंपरिक तरीका बताते हुए कहा कि दूसरे सारे तरीके आजमाए जा चुके हैं, इसलिए इसका सहारा लेने का विचार आया। साभार : जागरण






