मंडी गोबिंदगढ़ के सरहिंद साइड जीटी रोड पर बुधवार की रात हुए एक सड़क हादसे में पत्रकार सीएस दुआ की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब श्री दुआ श्री महावर वैश्य सेवा संघ की ओर से युवराज पैलेस में आयोजित होली मिलन महोत्सव की कवरेज करने के बाद अपने स्कूटर से वापस आफिस लौट रहे थे। पीछे से आ रही तेज रफ्तार इनोवा गाड़ी ने उन्हें टक्कर मार दी, जिसके चलते वह गंभीर रूप में घायल हो गए।
श्री दुआ को इलाज के लिए सिविल अस्पताल मंडी गोबिंदगढ़ लाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हे मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही डीएसपी अमलोह दविंदर सिंह बराड़ पुलिस टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। दुआ की मौत पर पत्रकार भाइचारे, राजसी, धार्मिक व समाज सेवी संस्थाओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उनका अंतिम संस्कार 30 मार्च को खन्ना में किया जाएगा।
दुआ की मौत पर शिरोमणि अकाली दल के जिला प्रधान जगदीप सिंह चीमा, सीनियर उपाध्यक्ष जस्सा सिंह आहलूवालिया, जतिंदर सिंह धालीवाल, यूथ विकास बोर्ड के पूर्व चेयरमैन गुरप्रीत सिंह राजू खन्ना, नगर कौंसिल प्रधान हरपाल सिंह नसराली, नगर कौंसिल पूर्व प्रधान सुखविंदर सिंह भांबरी, पंजाब कांग्रेस कमेटी के जिला प्रधान हरिंदर सिंह भांबरी, पंजाब सचिव संदीप सिंह बल, निष्काम कीर्तन सेवा सोसायटी प्रधान कर्मजीत सिंह बिट्टू आदि ने दुख व्यक्त किया है।






