मध्य प्रदेश में सतना से कुछ समय पूर्व शुरू हुए अखबार पत्रिका और पूर्व से प्रकाशित हो रहे दैनिक भास्कर के बीच लड़ाई-झगड़ा तेज हो गया है. दैनिक भास्कर के एक वरिष्ठ की शह पर पत्रिका की प्रतियां सोमवार को न सिर्फ लूटी गईं बल्कि नाले में भी फिकवा दी गईं. इससे पहले रविवार की सुबह दोनों अखबारों के भाड़े के गुंडों के बीच झूमा झटकी भी हुई थी. इस मामले में पत्रिका की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफा धारा 341, 147 एवं 427 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है.
मंगलवार को पत्रिका के सतना संस्करण में 'पत्रिका की बुलंद आवाज से डरा अन्य अखबार, वितरकों से मारपीट' शीर्षक से समाचार का प्रकाशन प्रथम पृष्ठ पर किया गया है. ज्ञात हो कि पत्रिका का सतना से प्रकाशन शुरू होने के साथ ही जहां एक ओर दैनिक भास्कर परेशान हो गया है वहीं स्टार समाचार भी भयभीत नजर आ रहा है.






