बेनाचिति : शारदा चिटफंड घोटाला कांड के बाद से लगातार विभिन्न चिटफंड कंपनियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामले सामने आने लगा है। शुक्रवार को वर्द्धमान सन्मार्ग नामक कंपनी पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए दर्जनों निवेशकों ने कंपनी के सिटी सेंटर स्थित टीवी चैनल कार्यालय में जाकर कंप्यूटर, सोफा, अलमारी सहित अन्य सामानों को क्षतिग्रस्त कर दिया एवं कौशिक बसु नामक एक अधिकारी की पिटाई भी की। पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया तथा कार्यरत कर्मचारियों को बचाया।
अंडाल निवासी कंपनी के एजेंट अनिल आर्य ने बताया कि कंपनी अधिकारी के झांसे में आकर खुद अपना रुपया लगाया एवं एजेंट बनकर अंडाल, उखड़ा इलाके के सैकड़ों लोगों से रुपया भी जमा करवाया था। पिछले तीन माह से कंपनी द्वारा ब्याज नहीं दिया गया एवं कंपनी मूलधन भी नहीं लौटा रही है। टीवी चैनल के कार्यालय में ही कई बार एजेंट की बैठक अधिकारियों ने की थी। कुछ दिनों पहले कंपनी ने रुपया वापस करने का आश्वासन भी दिया था। परंतु वे लोग रुपया नहीं लौटा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि इसी से नाराज होकर लोग टीवी चैनल के कार्यालय पहुंचे थे। ये लोग पैसा वापस करने की मांग कर रहे थे लेकिन कोई अधिकारी सही जवाब देने को तैयार नहीं हुआ। इसके बाद निवेशकों का गुस्सा भड़क उठा। वे लोग एक अधिकारी को पीटने के साथ ऑफिस में तोड़फोड़ भी करने लगे। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामले को नियंत्रित किया। इस मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच की जा रही है। निवेशकों को न्याय दिलाने की कोशिश की जाएगी।






