पिछले दस दिन से मुरादाबाद की सनसनी बने मूवीज टाइम्स के संपादक तथा सपा नेता नासिर कुरैशी हत्याकांड का खुलासा हो गया है. सपा नेता की हत्या कारोबारी प्रतिस्पर्धा को लेकर हुई थी. पुलिस के अनुसार सपा नेता हाजी इकराम के भाई फुरकान कुरैशी ने पचास हजार रुपए में भाड़े के शूटरों से हत्या करवाया था. पुलिस ने एक शूटर वेद प्रकाश उर्फ भूरा को गिरफ्तार कर लिया है. सपा नेता नासिर कुरैशी हत्याकांड की गूंज महानगर से लेकर लखनऊ थी. सपा नेता आजम खां के करीबी रहे नासिर के हत्याकांड के खुलासे को लेकर पुलिस पर जबरदस्त दबाव था.
पुलिस ने नौ दिन तक चालीस से ज्यादा लोगों से पूछताछ की, सर्विलांस सेल की कवायद के बाद मामले का खुलासा हुआ. इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर शूटर वेद प्रकाश को गिरफ्तार किया. शुक्रवार की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे एकाएक शूटर वेदप्रकाश को पुलिस जिला अस्पताल में मेडिकल के लिए लाई तो महानगर में एकदम सनसनी फैल गई. मेडिकल के बाद वेदप्रकाश को कोर्ट में दाखिल कर दिया गया. शाम को पूरे मामले को मीडिया में एसएसपी सुनील कुमार गुप्ता ने ब्रीफ किया. परन्तु इस दौरान शूटर को मीडिया के सामने नहीं लाया गया. उन्होंने मीडिया के एक-एक सवाल का जवाब दिया. शूटर को मीडिया के सामने न लाने पर एसएसपी ने साफ तौर पर कहा मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए ऐसा नहीं किया गया.
एसपी ने सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि नासिर की हत्या पैसे के लेनदेन के विवाद में की गई है. सपा नेता हाजी इकराम के भाई फुरकान कुरैशी ने एक जमीन के लिए नासिर को चालीस लाख रुपऐ दिए थे, जिसे नासिर न तो वापस कर रहे थे और ना ही जमीन लिख रहे थे. फुरकान ने जब पैसे मांगे तो नासिर ने देने से इनकार कर दिया था. इसके बाद फुरकान ने अमरोहा निवासी बदमाश वेद प्रकाश से मुलाकात कर हत्या की व्यूह रची. इनके अलावा दो और शूटर का इंतजाम भी इकराम ने किया था. चारों 26 अप्रैल की रात नासिर को रोक कर गोली मारी. जिनमें से एक गोली नासिर को लगी. पुलिस ने वेद के पास से हत्या में प्रयुक्त तमंचा और कारतूस बरामद किया है. इस हत्याकांड की साजिश कई दिन पहले रची गई थी. शूटरों ने नासिर की रेकी भी की थी. नासिर के परिजनों से मिलने आजम खान भी एक मई को मुरादाबाद पहुंचे थे.
गौरतलब है कि नागफनी थाना क्षेत्र के अंडेवालान मोहल्ले के रहने वाले मूवीज टाइम्स और एक उर्दू अखबार के संपादक व सपा नेता नासिर कुरैशी की छब्बीस अप्रैल की रात करीब एक बजे एस कुमार चौराहे के समीप गोली मार दी गई थी. साईं अस्पताल में इलाज के दौरान नासिर की मौत हो गई थी. नासिर के बड़े भाई शाकिर हुसैन कुरैशी ने मुगलपुरा थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था.





