आगरा में चल रही समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के अन्तिम दिन पार्टी पत्रकारों के सवालों से नाराज़ हो गयी। नतीजा ये हुआ कि बैठक स्थल आईटीसी मुगल होटल में पार्टी की पत्रकार वार्ता रद्द कर दी गयी और सपा के खास माने जाने वाले आगरा के आई.जी. आशुतोष पाण्डे और डीआईजी मीणा ने खुद सारे पत्रकारों को बैठक स्थल से बाहर निकाल दिया। इस बीच आगरा के पत्रकारों ने तो विरोध नहीं किया लेकिन दिल्ली से आये कई समाचार चैनलों के प्रतिनिधियों से अधिकारियों की कहासुनी ज़रूर हुई।
दरअसल दंगों पर सरकार की विफलता, आज़म खां और मुसलमानों की नाराज़गी के सवाल पर पार्टी के नेता बिखर गये और पत्रकारों को बाहर करने का फऱमान सुना दिया। इस घटना से पत्रकारों में खासा रोष व्याप्त है। अभी तक पार्टी की तरफ से कोई माफी भी नही मांगी गयी है। अब सारे पत्रकार वहां मुंह लटकाकर लॉन में घूमते नज़र आ रहे हैं।






