समस्तीपुर में इंडिया न्यूज़ के रिपोर्टर सुमन नारायण मिश्रा की दादागिरी सर चढ़कर बोल रही है। तभी तो आज दिन दहाड़े नगर थाना परिसर में साधना न्यूज़ के रिपोर्टर संजीव तरुण की जम कर पिटाई कर दी, जिसके बाद घायल तरुण का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया। साधना न्यूज़ के रिपोर्टर तरुण ने इस घटना की लिखित शिकायत समस्तीपुर एसपी वरुण कुमार सिन्हा से की है।
इडिया न्यूज़ के दबंग पत्रकार सुमन द्वारा की गई यह पहली घटना नहीं है। इस घटना से पूर्व भी इस पत्रकार के द्वारा शिवाजी नगर के एक कार्यक्रम में पत्रकार अजय कुमार सिंह पर जानलेवा हमला कर घायल कर दिया गया था। सुमन पूर्व में एक प्रोफ़ेसर के पुत्र के हत्या के आरोप में एक साल समस्तीपुर मंडल कारा में बंद था। समस्तीपुर के तत्कालीन डीएसपी सुशील कुमार ने फर्जी बैंक घोटाला मामले में भी इसके खिलाफ कार्रवाई की थी, जिसके बाद काफी दिनों तक यह भूमिगत हो गया था। उसके बाद सुमन नाम बदल बदल कर कई निजी चैनलों का प्रतिनिधि बन गया ताकि कानून की आँख में धूल झोंक सके।
सुमन ने सच्चाई छुपाते हुए इंडिया न्यूज़ के अलावा महुआ न्यूज़, पी7 जैसे बड़े चैनलों का प्रतिनिधि बनकर जिले में दबंगई के साथ-साथ उगाही में भी लगा हुआ है। कही सुमन मिश्रा तो कहीं सुमन नारायण झा तो कहीं सुमन नारायण के नाम से खबरों का प्रसारण करवाता है। इतना ही नहीं सुमन नारायण मिश्रा ने सूचना-जनसंपर्क विभाग को फर्जी आचरण प्रमाण पत्र देकर सरकारी स्तर पर मान्यता प्राप्त पत्रकार का कार्ड हासिल कर लिया है। अब देखना है कि साधना न्यूज़ के रिपोर्टर संजीव तरुण के शिकायत पर पुलिस क्या कार्रवाई करती है।







