सहारा मीडिया में पिछले कुछ महीनों में कई उलटफेर हुए हैं. उपेंद्र राय के दाहिने हाथ कहे जाने वाले राय बंधु विजय राय और प्रदीप राय की सहारा से विदाई हो गई है. विजय राय एसएनबी हेड या सहारा न्यूज ब्यूरो के हेड हुआ करते थे. जिसे पत्रकारीय भाषा में नेशनल ब्यूरो का हेड कहा जाता है. उपेंद्र राय के पिछले कार्यकाल में विजय राय को यह पद दिया गया था. उपेंद्र राय के हटने के बाद भी उनका जलवा बरकरार रहा. पर पिछले महीने विजय राय को बुरी तरह बेइज्जत करके सहारा से निकाल दिया गया.
सहारा ने उनको निकाले जाने की तस्वीर सहित खबर विज्ञापन का प्रकाशन सहारा, दैनिक जागरण समेत कई अखबारों में कराया. विजय राय के साथ प्रदीप राय की भी बेदखली की खबर प्रकाशित की गई. प्रदीप राय विवादित किस्म के वकील हैं जिनका नाम नीरा राडिये के टेपों में भी आता है. प्रदीप राय का सहारा के साथ लीगल इशूज को लेकर एग्रीमेंट था जिसे अब खत्म कर दिया गया है.
सूत्रों का कहना है कि प्रदीप राय और विजय राय कभी उपेंद्र राय के आंख नाक कान माने जाते थे लेकिन रिश्ते में ऐसी खटास आई की उपेंद्र राय को इन दोनों को दूध की मक्खी की तरह बाहर निकाल फेकना पड़ा. सूत्रों का कहना है कि विजय राय को निकालने के पहले काफी तैयारी की गई. उनके कई अनमोल वचन रिकार्ड किए गए जिसमें वे सहाराश्री को गाली दे रहे हैं. ताजी सूचना ये है कि रमेश अवस्थी को एडिटर, एसएनबी बना दिया गया है. राव वीरेंद्र सिंह को यूपी उत्तराखंड चैनल का हेड बनाया गया है. अनिल राय को डिप्टी एडिटर एसएनबी बनाया गया है. नीलाभ द्विवेदी को यूनिट हेड एसआईएमसी कानपुर बनाया गया है. इस फेरबदल के बारे में सहारा न्यूज नेटवर्क के एडिटर और न्यूज डायरेक्टर उपेंद्र राय के हस्ताक्षरों से युक्त आदेश जारी कर दिया गया है. ये रहा लेटर…






