स्वतंत्र मिश्रा के स्वर्णकाल में सस्पेंड किए गए रमेश अवस्थी की सहारा में वापसी हो गई है. उपेंद्र राय के दौर में राष्ट्रीय सहारा, कानपुर के यूनिट हेड रहे रमेश अवस्थी को स्वतंत्र मिश्रा ने सस्पेंड कर दिया था. उनकी जगह बनारस में तैनात अमर सिंह को कानपुर का यूनिट हेड बना दिया गया था, जबकि अमर सिंह की जगह महेशचंद लोहानी को बनारस का यूनिट हेड बना दिया गया था. उपेंद्र राय के खास माने जाने वाले रमेश अवस्थी की वापसी नोएडा में हुई है. इसको लेकर सहारा में कई तरह की सुगबुगाहट भी होने लगी है.
हिंदुस्तान, नजीबाबाद से खबर है कि तहसील प्रभारी नीरज शर्मा ने इस्तीफा दे दिया है. वे अब अपनी नई पारी अमर उजाला के साथ जल्द ही शुरू करने जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि नीरज साढ़े तीन सालों से हिंदुस्तान को सेवा दे रहे थे. मेरठ यूनिट के संपादक पुष्पेंद्र शर्मा ने उनके सहयोग के लिए एक असिस्टेंट रख दिया था, जिसकी कार्यप्रणाली से नीरज संतुष्ट नहीं थे. उन्होंने इसकी शिकायत भी प्रबंधन से की, परन्तु संपादक द्वारा उसको रखने का दबाव बनाए जाने पर उन्होंने इस्तीफा दे दिया.






