सहारा समूह को बड़ा झटका लगा है. खबर है कि बाजार नियामक सेबी (दी सेक्यूरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड आफ इंडिया) ने आज सहारा समूह की दो कंपनियों के सौ से ज्यादा बैंक एकाउंट को फ्रीज कर दिया है और लेन-देन पर रोक लगा दी है. इन दोनों कंपनियों की गैर-नगदी संपत्तियों को भी फ्रीज किया है.
उल्लेखनीय है कि इसके पहले सुप्रीम कोर्ट ने सेबी को यह अधिकार दे दिया था कि वह सहारा की लेटलतीफी और निवेशकों को पैसे लौटाने में टाल-मटोल को देखते हुए समूह की संबंधित कंपनियों के एकाउंट को फ्रीज कर सकता है. जिन दो कंपनियों की संपत्तियों और बैंक एकाउंट को फ्रीज किया गया है, उनके नाम हैं- सहारा इंडिया रीयल इस्टेट कार्पोरेशन (एसआईआरईसी) और सहारा हाउसिंग इनवेस्टमेंट कार्पोरेशन (एसएचआईसी).
कोर्ट ने इन दोनों कंपनियों द्वारा जनता से उगाहे गए चौबीस सौ करोड़ रुपये को जनता को पंद्रह फीसदी ब्याज समेत लौटाने का आदेश दिया था. पर सहारा इसे लौटाने से बचता रहा है और पैसा लौटाना न पड़े, इसके लिए नित नए बहाने बनाता रहा है. बताया जा रहा है कि ग्रुप की दो कंपनियों के एकाउंट और संपत्ति के फ्रीज हो जाने से सहारा समूह को बड़ा झटका लगा है. मार्केट में इस समूह की साख काफी प्रभावित हुई है.
सहारा समूह भरसक कोशिश करेगा कि बड़े अखबार और न्यूज चैनल एकाउंट व संपत्ति फ्रीज होने की खबर न दिखाएं क्योंकि पहले भी सहारा दूसरे मीडिया हाउसेज को बड़े बड़े विज्ञापन देकर अपने से संबंधित नकारात्मक खबरों को प्रकाशित-प्रसारित न होने देने की कवायद करता रहा है.






