कई न्यूज चैनल संचालित करने वाले साधना समूह के बारे में सूचना मिली है कि कुछ रोज पहले इस ग्रुप के दफ्तरों पर इनकम टैक्स विभाग ने छापा मारा. सूत्रों के मुताबिक ग्रुप के झंडेवालान स्थित कारपोरेट आफिस पर इनकम टैक्स के अधिकारियों ने धावा बोला और आफिस को सील कर दिया. किसी को भी बाहर नहीं जाने दिया गया. सारे कागज, फाइल, कंप्यूटरों की तलाशी ली गई.
साधना ग्रुप पर आरोप है कि इसने अपनी अकूत कमाई का काफी बड़ा हिस्सा छुपा रखा है और बहुत कम संपत्ति घोषित की है. साधना समूह के बारे में कहा जाता है कि यह ग्रुप ढेर सारे फील्ड में स्याह-सफेद काम करता है और मीडिया के जरिए इसे संरक्षण प्रदान करता है, साथ ही अन्य नए कार्यों में सरकारी मदद हासिल करता है. इनकम टैक्स के अफसरों को साधना ग्रुप के यहां से क्या मिला, यह तो नहीं पता चल पाया है पर टैक्स चोरी से बचने के लिए साधना ग्रुप के कर्ताधर्ता गुप्ताजी लोगों ने बड़े नेताओं और मंत्रियों के यहां परिक्रमा शुरू कर दी है.






