सिद्धार्थनगर प्रेस क्लब में भगदड़ की स्थिति मच गई है. इसी भगदड़ में कुछ लोगों ने प्रेस क्लब छोड़कर नया संगठन जर्नलिस्ट प्रेस क्लब का गठन कर लिया. मामला हिसाब-किताब के विवाद को लेकर पैदा हुआ. सिद्धार्थनगर प्रेस क्लब के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संतोष कुमार पाण्डेय ने प्रेस क्लब के आय-व्यय का हिसाब मीटिंग में मांगा तो अध्यक्ष संतोष कुमार श्रीवास्तव तथा महामंत्री सलमान आमिर नाराज हो गए. मीटिंग करके दोनों ने संतोष कुमार पाण्डेय को निकाल दिया.
आरोप है कि प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने शपथ ग्रहण के दौरान जमकर माल पीटा था. इसके बाद ही विवाद हुआ. संतोष को निकाले जाने से नाराज पत्रकारों का बड़ा समूह शनिवार को मीटिंग करके जर्नलिस्ट प्रेस क्लब सिद्धार्थनगर का गठन कर लिया तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ बिगुल फूंकने का ऐलान कर दिया. इसमें एमपी गोश्वामी अध्यक्ष, राजेश शर्मा मंत्री, संतोष कुमार पाण्डेय वरिष्ठ उपाध्यक्ष, राधेश्याम गुप्ता कोषाध्यक्ष, कमलकांत त्रिपाठी संगठन मंत्री, आलोक मिश्र प्रचार-प्रसार मंत्री, रणजीत कुमार कसौधन आय-व्यय मंत्री एवं रामाशीष दूबे को संप्रेक्षक मनोनित गया.
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार नजीर मलिक एवं संचालन बीपी त्रिपाठी ने किया. क्लब की अगली बैठक 27 जून को दिन में एक बजे सूचना कार्यालय में बुलाई गयी है. इसमें तहसील स्तर पर संगठन के गठन तथा विस्तार पर चर्चा होगी. इस दौरान पदाधिकारियों के अतिरिक्त अरविन्द झा, जय शंकर प्रसाद मिश्र, उसमान अली, अशोक चौधरी, शिवेन्द्र सिंह, संकटा प्रसाद शुक्ल, सीताराम यादव, अविनाश आजाद आदि मौजूद थे.





