नई दिल्ली। आईपीएल लगातार विवादों में घिरता जा रहा है। पहले स्पॉट फिक्सिंग के आरोप, फिर शाहरुख खान विवाद और अब पत्रकार को गाली। अपनी टीम के खिलाड़ी के छेड़छाड़ और मारपीट जैसे संगीन मामले में फंसने से रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के मालिक सिद्धार्थ माल्या बौखला गए हैं। पहले उन्होंने पीडि़ता के चरित्र पर उंगली उठाई तथा कहा कि वो उनके भी पीछे पड़ी थी और जब पत्रकारों ने इस मुद्दे पर उनसे सफाई मांगी तो उन्होंने मीडिया को गाली दिया फिर कार में बैठने के बाद भद्दे इशारे किए।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को एक भारतीय मूल की अमेरिकी महिला ने पुलिस में रॉयल चैलेंजर्स, बैंगलोर के बल्लेबाज आस्ट्रेलियाई ल्यूक पॉमर्शबैक के खिलाफ छेड़खानी तथा मंगेतर से मारपीट का मामला दर्ज कराया। ल्यूक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और बाद में उन्हें एक दिन की अंतरिम जमानत दे दी गई। इस मुद्दे को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में पहले तो सिद्धार्थ ल्यूक के खिलाफ कार्रवाई की बात कर रहे थे, पर अचानक उनके तेवर बदल गए।
सिद्धार्थ ने पीडिता के चरित्र पर ही उंगली उठा दी। उन्होंने इस मामले को लेकर ट्विटर पर कई बयान जारी किए। जब पत्रकारों ने उनको इस विषय पर घेरा तो उन्होंने पहले पत्रकारों को धमकाया बाद में गाली दी। जब पत्रकारों ने उनसे मीडिया को गाली ना देने को कहा तो उन्होंने धमकाने वाले अंदाज में एक पत्रकार से कहा कि मैंने मीडिया को नहीं बल्कि तुम्हे गाली दी है। इसके पहले माल्या ने प्रेस वार्ता में कहा कि उनसे हिंदी में कोई सवाल न पूछा जाए। जब एक कैमरा मैन ने उनसे हिंग्लिश में सवालके बारे में पूछा तो माल्या ने कहा – नो ओनली इंग्लिश। इसके बाद जब वे गाड़ी में बैठने लगे तो पत्रकार की तरफ उंगली से इशारा भी किया।





